छत्तीसगढ़ / महासमुंद

निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने शिविरों में 130 दिव्यांगजनों का विभिन्न सहायक उपकरण हेतु चिन्हांकन

 महासमुंद । भारत सरकार की एडिप योजना तथा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (ए.आई.सी.) के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सी.एस.आर.) अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर द्वारा जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु विकासखण्ड स्तरीय चिन्हांकन एवं मूल्यांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रथम चरण में विभिन्न विकासखण्डों में आयोजित शिविरों में दिव्यांगजनों का पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया गया। जिसमें 24 अप्रैल  को जनपद पंचायत सरायपाली में आयोजित शिविर में कुल 44 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया, जिनमें 17 दिव्यांगजनों का विभिन्न सहायक उपकरणों हेतु चिन्हांकन किया गया। इसी प्रकार 27 अप्रैल को जनपद पंचायत बसना में आयोजित शिविर में 27 दिव्यांगजन उपस्थित हुए, जिनमें से 18 दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया गया। 28 अप्रैल को विकासखण्ड पिथौरा में आयोजित शिविर में कुल 29 दिव्यांगजन उपस्थित हुए, जिनमें 13 दिव्यांगजनों का सहायक उपकरण हेतु चिन्हांकन किया गया। वहीं 29 अप्रैल को जनपद पंचायत बागबाहरा में आयोजित शिविर में कुल 34 दिव्यांगजन उपस्थित हुए, जिनमें से 26 दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया गया। इसी क्रम में आज जनपद पंचायत परिसर महासमुंद में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 92 दिव्यांगजन उपस्थित हुए, जिनमें 56 दिव्यांगजनों का विभिन्न सहायक उपकरणों हेतु चिन्हांकन किया गया।

प्रथम चरण में जिले के विभिन्न विकासखण्डों में आयोजित शिविरों में कुल 226 दिव्यांगजन सम्मिलित हुए, जिनमें से 130 दिव्यांगजनों का विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया गया। चिन्हांकित हितग्राहियों को आगामी चरण में आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, श्रवण यंत्र, कृत्रिम अंग सहित अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image