कबीरधाम। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं परीक्षा में कबीरधाम जिले की प्रतिभाशाली छात्रा कु. रिया केशरवानी ने 98.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल कर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की सफलता नहीं, बल्कि शिक्षा, मेहनत और संकल्प की ताकत का जीवंत उदाहरण है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष श्री नवीन जायसवाल समस्त कांग्रेसजनों के साथ छात्रा के निवास पहुंचे। उन्होंने रिया का सम्मान कर मिठाई खिलाई और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि जब बेटियां ठान लेती हैं, तो इतिहास लिखती हैं। रिया की सफलता साबित करती है कि संसाधनों से नहीं, संकल्प और मेहनत से मुकाम हासिल होता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज जरूरत है कि हर घर में शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बनाया जाए। रिया जैसी बेटियां समाज को यह संदेश दे रही हैं कि पढ़ाई ही वह ताकत है, जो सपनों को हकीकत में बदलती है और भविष्य को मजबूत बनाती है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने इस उपलब्धि को जिले के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि अब समय है कि हर विद्यार्थी रिया से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य को पाने के लिए पूरी ताकत से जुटे।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा अनंत, जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री मनीष शर्मा, गोपाल चंद्रवंशी, नेतराम जंघेल, दलजीत आहूजा, तुकाराम चंद्रवंशी, आकाश केशवानी, मेहुल सत्यवंशी, संतोष यादव, जलेश्वर यादव, वाल्मिकी वर्मा, पदुम सेन, सतीश गहवारा, चेतन वर्मा, विक्की लहरे, वैभव ठाकुर, आशीष साहू, सुजल ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।