कवर्धा। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की चीजों की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ आज जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में कांग्रेस ने एक-दिवसीय उग्र प्रदर्शन किया। सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार आम जनता को “लूटने की मशीन” बन चुकी है।
जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि यह सरकार गरीब, किसान और मध्यम वर्ग की दुश्मन बन चुकी है। गैस सिलेंडर 3000 रुपए पार, पेट्रोल-डीजल आसमान पर और जनता का बजट पूरी तरह बर्बाद लेकिन मोदी सरकार सत्ता के नशे में चूर है। आज हालात ऐसे हैं कि गरीब को एक वक्त का खाना भी नसीब नहीं हो रहा और सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है।
उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में सिलेंडर के दाम पर चूड़ियां भेजने वाली भाजपा की महिला नेता आज कहां छुप गई हैं क्या उनकी आवाज खत्म हो गई या सत्ता का स्वाद इतना मीठा लग गया कि जनता की तकलीफ दिखाई ही नहीं दे रही
जिला महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं की कमर तोड़ दी है। घर चलाना आज सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। जब कांग्रेस की सरकार थी तब सिलेंडर 450 रुपए था और भाजपा सड़क पर नाटक करती थी, आज वही भाजपा सत्ता में बैठकर जनता का खून चूस रही है। महिलाएं अब चुप नहीं बैठेंगी चुनाव में इस अन्याय का हिसाब लेकर रहेंगी।
शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महंगाई पर पूरी तरह नियंत्रण खो चुकी है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। आज हर घर का बजट बिगड़ चुका है और गरीब व मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा परेशान है। सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। यदि जल्द महंगाई पर काबू नहीं पाया गया, तो जनता आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।
कवर्धा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। आज हालात ऐसे हैं कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को कोई राहत नहीं मिल रही। यदि समय रहते महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो जनता इस जनविरोधी नीतियों का जवाब आने वाले चुनाव में जरूर देगी।
कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि अगर महंगाई पर तुरंत नियंत्रण नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और उग्र होगा और सड़कों से लेकर सदन तक मोदी सरकार का घेराव किया जाएगा।