छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

निर्माण कार्यों में देरी पर कलेक्टर सख्त, पोड़ी बायपास के ठेकेदार को शो कॉज नोटिस के निर्देश

 पीएम आवास और पीएम जनमन पर फोकस, अधूरे कार्य जल्द पूरा करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश


जनगणना मकान सूचीकरण 30 मई तक, मॉनिटरिंग बढ़ाने पर जोर

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक

कवर्धा, 12 मई 2026। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने पोड़ी बायपास निर्माण में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट तैयार करने तथा जहां भी समस्या आए वहां संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य सुचारू रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाय, एमएमजीएसवाय, आरईएस और पीएचई के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में पीएम जनमन और पीएम आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि पूरा फोकस प्रगतिरत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और स्वीकृत आवासों में निर्माण कार्य प्रारंभ कराने पर होना चाहिए। उन्होंने नगरीय निकायों में संचालित निर्माण कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने आयुष्मान भारत और वय वंदन योजना के तहत लक्ष्यपूर्ति में तेजी लाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।
जनगणना 2026 के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शहरी और ग्रामीण चार्ज के सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में सूचीकरण का कार्य 30 मई तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष क्षेत्रों में कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने सुपरवाइजरों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा हो सके। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि सूचीकरण कार्य के दौरान प्रगणकों को कहीं भी समस्या आने पर तत्काल सूचना दी जाए, ताकि उसका शीघ्र निराकरण किया जा सके।
बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण पूरी तेजी के साथ किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओं श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री विनय पोयाम, श्री नरेन्द्र पैकरा, बोड़ला एसडीएम श्री सागर सिंह राज, डिप्टी कलेक्टर श्री आरबी देवांगन सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image