शराब में मिलावट: व्हिस्की में पानी मिलाते 4 कर्मचारी गिरफ्तार
महासमुंद। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट शराब दुकान में मिलावटी शराब बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी कर शराब में पानी मिलाते हुए चार प्लेसमेंट कर्मचारियों को पकड़ लिया। आरोप है कि कर्मचारी ‘मैकडावल नंबर-1’ व्हिस्की में पानी मिलाकर ग्राहकों को बेच रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, लंबे समय से शराब में मिलावट कर ग्राहकों को ठगा जा रहा था। इससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होने के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा था। शिकायत मिलने के बाद आबकारी विभाग ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें यह गड़बड़ी पकड़ी गई।
कार्रवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों ने मौके से मिलावटी शराब और संबंधित सामग्री जब्त की। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आबकारी विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले की अन्य शराब दुकानों में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण लगातार किए जाएंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि शराब खरीदते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।