तेंदूपत्ता अग्निकांड के बीच डीएफओ रमेश जांगड़े के समर्थन में एकजुट हुआ वन अमला, वन मंत्री को सौंपा ज्ञापन
बीजापुर _ बीजापुर वनमंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तेंदूपत्ता गोदाम अग्निकांड की घटना के बीच वनमंडलाधिकारी डीएफओ रमेश जांगड़े के समर्थन में एकजुटता दिखाते हुए वन मंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने जांगड़े को एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील अधिकारी एवं कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखने वाला नेतृत्वकर्ता बताते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की है। कर्मचारियों ने कहा कि डीएफओ रमेश जांगड़े के नेतृत्व में वनमंडल में बेहतर कार्य वातावरण का निर्माण हुआ है। उनके मार्गदर्शन में विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, समन्वय एवं जवाबदेही बढ़ी है, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक माहौल में कार्य करने का अवसर मिला है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि तेंदूपत्ता गोदाम में हुई आगजनी की घटना गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन मामले की जांच में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें तत्काल तलाश कर लिया है। कर्मचारियों का कहना है कि जब मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है, तब किसी अधिकारी को बिना तथ्यों के कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं होगा। वन विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि आगजनी जैसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन इसके साथ ही ईमानदारी से कार्य कर रहे अधिकारियों का मनोबल भी प्रभावित नहीं होना चाहिए।