मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार-2026 हेतु 15 जुलाई तक प्रस्ताव आमंत्रित
महासमुंद, 04 जुलाई 2026
राज्य शासन की राज्य शिक्षा अलंकरण योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 के लिए मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार प्रदान किए जाने हेतु जिले से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एल. देवांगन ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार विकासखंड, जिला एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं प्राचार्यों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। चयनित शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को सम्मानित किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर "शिक्षा दूत पुरस्कार", जिला स्तर पर "ज्ञान दीप पुरस्कार", संभाग स्तर पर "शिक्षा श्री पुरस्कार" तथा उत्कृष्ट प्राचार्य पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए प्रत्येक विकासखंड से प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर के प्रधान पाठकों तथा शिक्षकों का चयन किया जाएगा। विकासखंड स्तर से चयनित नामों में से जिला स्तर पर तीन उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन ज्ञान दीप पुरस्कार के लिए किया जाएगा, जबकि प्रत्येक जिले से एक शिक्षक का चयन शिक्षा श्री पुरस्कार के लिए संभाग स्तर पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक प्राचार्य को उत्कृष्ट प्राचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी संकुल स्तर से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण कर निर्धारित प्रारूप में योग्य शिक्षकों एवं प्राचार्यों के नाम अनुशंसित करें। चयन के दौरान शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को आधार बनाया जाएगा। प्रत्येक प्रस्ताव के साथ संबंधित शिक्षक का विस्तृत बायोडाटा, उपलब्धियों का विवरण तथा निर्धारित मूल्यांकन प्रपत्र संलग्न किया जाना अनिवार्य होगा। सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 15 जुलाई 2026 तक प्रस्ताव जिला शिक्षा कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि समय-सीमा के भीतर आगे की चयन प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।