कवर्धा: जिले के सहसपुर लोहारा ब्लाक अंतर्गत ग्राम रेन्दाखाम्ही का शासकीय प्राथमिक शाला भवन पूरी तरह जर्जर होकर अपनी बदहाली का आंसू बहा रहा है न तो किसी जनप्रतिनिधि को इसकी फिक्र है और ना ही जिला प्रशासन को बारिश का मौषम प्रारंभ होते ही स्कूल की छतों से कई जगहों पर पानी टपकने लगता है, जिससे छोटे छोटे नोनिहालो की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो जाती है। नौनिहालों को अपनी जान जोखिम में डालकर विद्याध्ययन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्कूल भवन की छत और दीवारों में दरारें आ चुकी हैं। बारिश के दौरान कक्षाओं के अंदर पानी भर जाता है, जिससे बच्चों को बैठने तक में परेशानी होती है।भवन के कई स्थानों पर छत का प्लास्टर भी झड़ रहा है, जिससे किसी भी समय अप्रिय घटना घटने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक भवन की मरम्मत या नए भवन के निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ,जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल भवन की मरम्मत कराई जाए या नए स्कूल भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें।
बारिश के मौसम में स्कूल की वर्तमान स्थिति गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। यदि समय रहते शासन और प्रशासन ने इस पर कोई ठोस पहल नही की गई तो किसी भी दिन कोई बड़े हादसा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। ग्रामीणों ने शासन तथा प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।