पंडरिया/कवर्धा -- कबीरधाम जिला अंतर्गत ग्राम कुम्ही से बोड़तरा तक प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणा सड़क कार्य में गंभीर अनियमितताओं और ठेकेदार की कथित मनमानी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामवासियों ने पंडरिया विधायक भावना बोहरा को सामूहिक शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत कुम्ही से बोड़तरा सड़क का निर्माण कार्य किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी एवं ठेकेदार द्वारा कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किया गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुरक्षा बोर्ड तक नहीं लगाया गया
शिकायत में कहा गया है कि निर्माण स्थल पर न तो सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। सड़क निर्माण के दौरान पानी की निकासी के लिए पुलिया बनाई गई, लेकिन उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
सड़क किनारे डाली गई मिट्टी बनी मुसीबत
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के दोनों किनारों पर साइड शोल्डर में चिकनी मिट्टी डाल दी गई है। बारिश शुरू होते ही यह मिट्टी दलदल में बदल गई है। परिणाम स्वरूप पक्की सड़क से नीचे उतरते ही वाहन फिसल रहे हैं और लोगों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं और यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ठेकेदार पर मनमानी और लापरवाही का आरोप
शिकायत पत्र में ठेकेदार तिलक चंद्रवंशी पर कार्य में मनमानी करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी देने के लिए कई बार ठेकेदार को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने न तो फोन उठाया और न ही वापस संपर्क किया। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
विधायक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
ग्रामीणों ने विधायक भावना बोहरा से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, सड़क निर्माण में बरती जा रही कथित अनियमितताओं को तत्काल दूर कराया जाए तथा ठेकेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से किया हस्ताक्षर
शिकायत पत्र पर ग्राम पंचायत बोड़तरा खुर्द के सरपंच कपिल दीवान, उपसरपंच विष्णु चंद्रवंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र निर्मलकर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। आवेदन में बोड़तरा खुर्द, बेलमुड़ा , छीतापारकला, कुम्ही , नवागांव, और खैरवार सहित आसपास के गांवों के लोगों ने अपनी सहमति जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क निर्माण में सुधार नहीं किया गया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे जनआंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। फिलहाल क्षेत्र के लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि शिकायत मिलने के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाते हैं।