छत्तीसगढ़ / सरगुजा

बतौली में 234 रसोइयों को मिला प्रशिक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

 सरगुजा

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत बतौली विकासखंड के स्कूलों में कार्यरत 234 रसोइयों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बीआरसी भवन के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में रसोइयों को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित तरीके से भोजन तैयार करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भोजन बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरदचंद्र मेस्पाल और विकासखंड परियोजना अधिकारी उमेश गुप्ता ने रसोइयों को विद्यालयों में बच्चों की संख्या अधिक होने पर एलपीजी गैस का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। 

साथ ही भोजन तैयार करने से पहले व्यक्तिगत स्वच्छता, रसोईघर और बर्तनों की नियमित सफाई तथा मसालों के सुरक्षित रखरखाव के महत्व पर जोर दिया।

प्रशिक्षण में निर्देश दिए गए कि बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित मेनू के अनुसार गर्म, ताजा और पौष्टिक भोजन परोसा जाए। फोर्टिफाइड चावल की गुणवत्ता, सब्जियों को अच्छी तरह धोकर पकाने तथा बरसात के मौसम में सोयाबीन बड़ी नहीं परोसने के निर्देश भी दिए गए। बच्चों को टाटपट्टी या बेंच पर बैठाकर भोजन कराने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर लव गुप्ता ने भी रसोइयों को भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Leave Your Comment

Click to reload image