समूह की महिलाओं को मिला पैरा आर्ट का प्रशिक्षण
बलौदाबाजार, 16 जुलाई 2026
जिले की महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण एवं उन्हें आजीविका उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम लाहौद में 40 महिलाओं को धान एवं पैरा आर्ट का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सम्पन्न होने पर सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किये गये विभिन्न कलाकृति का अवलोकन कर प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत बिहान टीम के संयुक्त प्रयास से गैर कृषि आजीविका को बढ़ावा देने हेतु छत्तीसगढ़ महतारी संकुल संगठन लाहौद में धान एवं पैरा आर्ट में शामिल समूह की 40 दीदियों को प्रशिक्षण दिलाया गया।