युवाओं के संकल्प और सामर्थ्य से बनेगा विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ युवा आयोग अध्यक्ष श्री तोमर
गरियाबंद |
2026-09-23 18:52:29
‘युवा उड़ान 2026’ में भविष्य की दिशा पर हुआ संवाद
सरकार की योजनाएं, विकसित भारत - विकसित छत्तीसगढ़ 2047 और ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ जैसे विषयों पर युवाओं ने रखे विचार
युवाओं से सकारात्मक सोच, कौशल और रचनात्मकता के साथ आगे बढ़ने का किया गया आह्वान
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवाओं को ‘विकसित भारत विजन 2047’ से जोड़ने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गरियाबंद के इंडोर स्टेडियम में आज सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में युवाओं के साथ विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ में युवाओं की भूमिका, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियां तथा ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ जैसे विषयों पर संवाद एवं परिचर्चा हुई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, कलेक्टर रणबीर शर्मा, एसपी वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित भी किया गया। समाजसेवी शीतल ध्रुव, पैरा एथलीट प्रीति यादव, भारती साहू, दिलाशा सिंह सहित अन्य युवाओं को उनके योगदान एवं उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक न रुको—श्री तोमर
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध आह्वान ‘उठो, जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो’ का उल्लेख करते हुए युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की परिस्थितियां अलग होती हैं, लेकिन संघर्ष और निरंतर प्रयास के माध्यम से आगे बढ़ा जा सकता है। संकल्प और परिश्रम से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक प्रेरणा लेने तथा रचनात्मक एवं सृजनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, युवाओं को उनसे संघर्ष करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। परिश्रम का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसलिए युवाओं को पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार हुआ है। एमबीबीएस की सीटें करीब 12 वर्षों में 51 हजार से बढ़कर 1.30 लाख, एम्स की संख्या 7 से बढ़कर 25 और मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर करीब 800 हुई है।
युवाओं ने साझा किए विकसित भारत के विचार -
कार्यक्रम में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के छात्र नागेश साहू ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर अपने विचार रखे। छात्र गौरव ढीढ़ी ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर प्रकाश डालते हुए देशहित में इसके विभिन्न पहलुओं और समय के साथ सतत विकास से होने वाले संभावित लाभों पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि देश की दिशा और स्थिति तय करने में युवाओं की जागरूक भागीदारी महत्वपूर्ण है। छात्रा चांदनी ठाकुर ने ‘विकसित छत्तीसगढ़–विकसित भारत में युवाओं की भूमिका’ विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और जीवनशैली के विकास पर भी ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं के लिए संचालित मेरा भारत पोर्टल, शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों तथा कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवा आगे बढ़ेंगे तो छत्तीसगढ़ और भारत भी विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका : विधायक श्री साहू -
राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर चुका है और राज्य के विकास को नई दिशा देने के संकल्प के साथ ‘युवा उड़ान’ जैसे कार्यक्रम युवाओं को जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से देश और राज्य के लिए कुछ करने का सपना देखने तथा उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप ने युवाओं को सोशल मीडिया का जागरूकता और सावधानी के साथ उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य भी रखें। उन्होंने स्वामी विवेकानंद सहित देश के युवाओं द्वारा राष्ट्र निर्माण में निभाई गई भूमिका का उल्लेख करते हुए युवाओं से संगठित होकर सकारात्मक दिशा में काम करने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने छत्तीसगढ़ी कहावत से समझाया सफलता का मंत्र -
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए ‘मंजिल भी जिंदगी है’ कविता की पंक्तियां सुनाईं और कहा कि संघर्ष से ही सफलता का मार्ग बनता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ी कहावत ‘डार से चुके बेंदरा, आषाढ़ से चुके किसान’ का उदाहरण देते हुए समझाया कि जीवन में सही समय पर सही कार्य करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बंदर पेड़ की डाली से चूकने पर गिर सकता है और किसान आषाढ़ के समय आवश्यक मेहनत न करने पर फसल उत्पादन में नुकसान उठा सकता है, उसी प्रकार युवा यदि अपने जीवन के महत्वपूर्ण समय का सदुपयोग नहीं करेंगे तो सफलता के अवसर भी प्रभावित हो सकते हैं। कलेक्टर ने युवाओं को पुरुषार्थ, निरंतर अभ्यास और मेहनत को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि जो कर्म करेगा, उसे उसका फल अवश्य मिलेगा। उन्होंने युवाओं से समय का सदुपयोग करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर अभ्यास करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। एसपी श्री वेदव्रत सिरमौर ने युवाओं को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने में सहयोगी बनने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी निकटतम थाना अथवा संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से देने की अपील की। उन्होंने युवाओं से सशक्त छत्तीसगढ़ और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्रीद्वय आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, सुरेन्द्र सोनटेके, बलदेव सिंह हुंदल, मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा, सुमित पारख, रितेश यादव, अमित बखरिया उपस्थित थे।