छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

गरियाबंद से महासमुंद तक आवागमन होगा आसान, 35.50 किमी सड़क का होगा चौड़ीकरण-मजबूतीकरण

गरियाबंद । जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने और आवागमन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राजिम -फिंगेश्वर -महासमुंद मुख्य जिला मार्ग के 35.50 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए केंद्रीय सड़क निधि योजना के अंतर्गत 153.82 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर रायपुर कंस्ट्रक्शन, रायपुर को 4 नवंबर 2026 को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। इस सड़क के निर्माण से गरियाबंद जिले के नागरिकों को जिला मुख्यालय, तहसील एवं विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही राजिम और फिंगेश्वर से महासमुंद की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों को भी बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।

राजिम में बनेगा 4.10 किलोमीटर फोरलेन -

स्वीकृत परियोजना के तहत राजिम शहर में 4,100 मीटर यानी 4.10 किलोमीटर मार्ग का निर्माण फोरलेन के रूप में किया जाएगा। शेष मार्ग को 10 मीटर चौड़ाई में विकसित किया जाएगा। सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण होने से इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम होगा और यात्रियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मुख्य जिला मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130-सी से निकलकर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 के माध्यम से महासमुंद जिले को जोड़ता है। इस मार्ग के उन्नयन से क्षेत्रीय संपर्क और आवागमन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राजिम एवं फिंगेश्वर क्षेत्र के लोगों को महासमुंद जाने में सुविधा होगी। वहीं जिला, तहसील एवं विकासखंड मुख्यालयों के बीच आवागमन भी सुगम होगा। लोक निर्माण विभाग (भवन/सड़क) संभाग गरियाबंद के कार्यपालन अभियंता के अनुसार, 153.82 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए कार्यादेश जारी किया जा चुका है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर, चौड़ा और मजबूत मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे आवागमन के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image