एक ही गैस एजेंसी के भरोसे कवर्धा शहर और ग्रामीण क्षेत्र, उपभोक्ता परेशान
कबीरधाम |
2026-07-18 15:31:01
समय पर नहीं मिल रही गैस, ऑनलाइन बुकिंग और होम डिलीवरी सेवा पर उठे सवाल-
कवर्धा। कवर्धा शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में उपभोक्ता इंडियन ऑयल की कवर्धा गैस सर्विस पर निर्भर हैं। लेकिन लंबे समय से उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग के बाद भी कई दिनों तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होती, जिससे उन्हें रसोई चलाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा होने के बावजूद इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। कई बार बुकिंग सफल होने के बाद भी निर्धारित समय में सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचता। वहीं होम डिलीवरी सेवा भी संतोषजनक नहीं बताई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि उन्हें कई बार स्वयं एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे क्षेत्र में एक ही गैस एजेंसी होने के कारण कार्यभार बढ़ गया है, जिससे सेवा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं का मानना है कि यदि समय पर गैस उपलब्ध नहीं होगी तो इसका सीधा असर आम परिवारों की दैनिक दिनचर्या पर पड़ेगा।
शहरवासियों ने संबंधित अधिकारियों और इंडियन ऑयल प्रबंधन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा कर समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऑनलाइन बुकिंग, होम डिलीवरी और शिकायत निवारण व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाए ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।