छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़

साइबर ठगों को किराये पर बैंक खाते देने वाले 9 युवक गिरफ्तार, पासबुक-एटीएम समेत कई दस्तावेज जब्त

 भिलाई ।

साइबर ठगी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई-3 पुलिस ने म्यूल (किराये के बैंक खाते) उपलब्ध कराने वाले नौ युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जाता था।

पुलिस के अनुसार विवेचना और तकनीकी विश्लेषण के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी 2,000 से 10,000 रुपये तक कमीशन लेकर साइबर अपराधियों को बैंक खाते किराये पर देते थे। इन खातों के जरिए ठगी की रकम का लेन-देन किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में लक्की खुटेल (ग्राम फुंडा, थाना बोरी), भारत गिरी (गौतम नगर, सुपेला), भोज ठाकुर और चोमन साहू (खुर्सीडीह-नगपुरा), कमलेश देशलहरे (फुंडा, बोरी), रमाकांत साहू (ग्राम मचांदुर, उतई), आकाश भट्ट (लक्ष्मी नारायण चौक, अहिवारा-नंदनी नगर), संजय निषाद (ग्राम दनिया, थाना बोरी) तथा मनोज कुमार साहू (ग्राम कुर्सीडीही, नगपुरा) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और बैंकिंग से जुड़े अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी व्यक्ति को कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम या बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध न कराएं, क्योंकि ऐसा करना भी कानूनन अपराध है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image