छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

150 सीट वाले कस्तूरबा छात्रावास में फूड पाइजनिंग की दस्तक, बरसात की पहली बारिश में बीमार पड़ीं चार बच्चियां, स्वच्छता व्यवस्था की खुली पो

पंडरिया/कवर्धा--

जिले में बरसात की शुरुआत के साथ ही फूड पाइजनिंग का पहला मामला सामने आने से छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विकासखंड पंडरिया के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास, दुल्लापुर बाजार में चार छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में भर्ती कराना पड़ा। घटना ने छात्रावास प्रबंधन की लापरवाही और स्वच्छता व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है।

जानकारी के अनुसार, छात्राओं को उल्टी, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई है, लेकिन सवाल छात्रावास की भोजन और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उठ रहे हैं। लगभग 150 सीट क्षमता वाले इस छात्रावास में रह रही बच्चियों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी प्रबंधन पर है, लेकिन बरसात शुरू होते ही चार छात्राओं का बीमार पड़ना कई व्यवस्थागत कमियों की ओर संकेत कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, छात्रावास परिसर में साफ-सफाई, रसोई व्यवस्था तथा भोजन सामग्री के सुरक्षित भंडारण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा था। बरसात के मौसम में खाद्य पदार्थों के दूषित होने और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसके बावजूद यदि नियमित निगरानी नहीं की जाए तो ऐसी घटनाएं होना तय माना जाता है।
खंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि छात्रावास में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लेकिन घटना के बाद स्वास्थ्य परीक्षण कराना प्रशासनिक जिम्मेदारी की पूर्ति नहीं माना जा सकता। बड़ा प्रश्न यह है कि क्या पूर्व में नियमित निरीक्षण, खाद्य गुणवत्ता परीक्षण और स्वच्छता की जांच की गई थी।
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत सामूहिक भोजन व्यवस्था वाले संस्थानों में स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य है। वहीं एफएसएसएआई के दिशा-निर्देश, छात्रावास संचालन नियम तथा राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के प्रावधानों के अनुसार छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छ रसोई, सुरक्षित पेयजल और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
इसके अतिरिक्त, राज्य शासन द्वारा जारी छात्रावास संचालन निर्देशों में बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने, खाद्य सामग्री की नियमित जांच करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद चार छात्राओं का बीमार पड़ना यह दर्शाता है कि जमीनी स्तर पर निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
घटना के बाद अब जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। यदि नियमित निरीक्षण समय पर किए जाते और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की गंभीरता से समीक्षा होती, तो शायद बच्चियों को अस्पताल पहुंचने की नौबत नहीं आती।
फिलहाल चारों छात्राओं का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में किया गया और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन यह घटना जिले के सभी छात्रावासों के लिए चेतावनी बनकर सामने आई है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन को केवल जांच तक सीमित न रहकर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करते हुए सभी छात्रावासों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का तत्काल परीक्षण कराना चाहिए।

Leave Your Comment

Click to reload image