सांसद ने सीएम से की मुलाकात, जिले के विकास के लिए की चार बड़ी मांग
कबीरधाम |
2026-07-24 18:04:35
सांसद ने सीएम से की मुलाकात, जिले के विकास के लिए की चार बड़ी मांग
कवर्धा - क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने जिले के विभिन्न जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को लेकर पत्र सौंपा।
सांसद संतोष पांडेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बोड़ला ब्लॉक अंतर्गत वनांचल क्षेत्र तरेगांव जंगल में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना, तरेगांव जंगल से चरणतीरथ तक नया सड़क निर्माण सहित सहसपुर लोहारा से रेंगाखार जंगल तक चौड़ी सड़क निर्माण व घाट कटिंग निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। उन्होंने उक्त विषयों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर विस्तृत चर्चा की। सांसद संतोष पांडेय ने मुख्यमंत्री साय को बताया कि वनांचल क्षेत्र तरेगांव जंगल क्षेत्र का प्रमुख केंद्र है। यह आदिवासी बैगा बाहुल्य क्षेत्र भी है। उक्त क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए विकासखंड मुख्यालय के शासकीय महाविद्यालय बोड़ला जाना पड़ता है। जिसकी दूरी तरेगांव जंगल से लगभग 32 किमी है। वहीं जिले के सीमावर्ती गाँवों से बोड़ला महाविद्यालय की दूरी लगभग 60 किमी है। इसके चलते क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बहुत दूर जाना पड़ता है। यही वजह है कि कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित भी हो रहे हैं। ये चिंता का विषय है। तरेगांव जंगल में महाविद्यालय खुल जाने से क्षेत्र के लगभग 100 गांव के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आसानी होगी।
सांसद पांडेय ने मुख्यमंत्री साय को अवगत कराया कि सहसपुर लोहारा से रेंगाखार जंगल तक निर्मित सड़क खराब हो गई है। साथ ही उक्त सड़क व मार्ग में पड़ने वाले घाट की चौड़ाई भी बहुत कम है। इसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेंगाखार जंगल जिले का दूरस्थ वनांचल क्षेत्र है। उक्त मार्ग वनांचल क्षेत्र से जिला मुख्यालय पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। उक्त मार्ग में चौड़ी सड़क निर्माण व घाट कटिंग कर और चौड़ा करने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि वनांचल ग्राम तरेगांव जंगल से चरणतीरथ पहुंच मार्ग पर निर्मित सड़क बहुत ख़राब व जर्जर हो गया है। यह क्षेत्र का प्रमुख मार्ग भी है। साथ ही चरणतीरथ धार्मिक व पर्यटन स्थल भी है। यहां क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों का भी आना-आना लगा रहता है। सड़क खराब होने के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उक्त मार्ग में नए चौड़ी सड़क निर्माण कराने की आवश्यकता है। उक्त सभी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
- स. लोहारा के ग्राम मजगांव में मिनी बांध निर्माण की मांग-
सांसद संतोष पांडेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सहसपुर लोहारा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मजगांव में मिनी बांध के निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मजगांव सहित आसपास के क्षेत्र में सिंचाई की समस्या है। ग्राम मजगांव में 22 एकड़ शासकीय भूमि है। इसमें मिनी बांध का निर्माण कराया जा सकता है। क्षेत्रवासी भी लंबे समय से इसकी मांग करते आ रहे हैं। यहाँ मिनी बांध का निर्माण हो जाने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।