सरस्वती सायकिल योजना के तहत 59 छात्राओं को मिली सायकिल
कोंडागांव । बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शासन की सरस्वती सायकिल वितरण योजना के तहत कोंडागांव में 59 छात्राओं को निःशुल्क सायकिल वितरित की गई। यह वितरण कार्यक्रम पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महात्मा गांधी वार्ड में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक लता उसेंडी ने छात्राओं को सायकिल वितरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना बालिकाओं की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सायकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे वे नियमित रूप से अध्ययन कर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ सकेंगी।