छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने ली जिले के l थाना-चौकी प्रभारियों की पहली बैठक-- अपराध नियंत्रण, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश-

कवर्धा--

कबीरधाम जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव द्वारा जिले के समस्त पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की प्रथम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में सर्वप्रथम वर्तमान सावन माह के दौरान आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा, विभिन्न धार्मिक आयोजनों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जिले की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों से उनके क्षेत्र का परिचय, अपराध की स्थिति, लंबित अपराधों, निराकृत प्रकरणों, लंबित शिकायत का जल्द निराकरण, आदतन अपराधियों, जनप्रतिनिधियों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त की गई। पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण, चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, तस्करों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विवादित एवं आदतन अपराधियों की नियमित निगरानी करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर विशेष बल दिया।

महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को महिलाओं एवं बालिकाओं को अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक लोगों के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर महिलाएं तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।

बैठक में थाना एवं चौकी परिसरों की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक प्रार्थी एवं फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, लापरवाही अथवा जनता के प्रति असंवेदनशील व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुशासनहीन अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनसामान्य के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Leave Your Comment

Click to reload image