छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

डोंगरगढ़-कवर्धा-कटघोरा रेल परियोजना का बहुत जल्द शुरू होगा कार्य-सांसद संतोष पांडे ** --कवर्धा में सांसद संतोष पांडेय का हुवा ऐतिहासिक भव्य स्वागत--

कवर्धा- डोंगरगढ़–कवर्धा–कटघोरा रेल परियोजना को ऐतिहासिक स्वीकृति मिलने के बाद राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे के कवर्धा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिग्नल चौक में भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। सांसद ने कहा कि यह रेल परियोजना क्षेत्र के विकास का नया अध्याय साबित होगी।


उन्होंने कहा कि यह रेल मार्ग आवागमन को सुगम बनाएगा, जिससे समय, ईंधन और बिजली की बचत होगी। व्यापार, उद्योग, कृषि और पर्यटन को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। सांसद ने कहा, "जनता ने मुझे जिस विश्वास के साथ संसद भेजा है, मैं क्षेत्र की हर महत्वपूर्ण मांग को पूरी ईमानदारी से संसद में उठाता हूं। पत्रकार अक्सर पूछते थे कि रेल लाइन कब आएगी। मेरा जवाब हमेशा यही था कि भाजपा की सरकार जो कहती है, वह करके दिखाती है।"

सांसद ने बताया कि यह रेल लाइन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित की जाएगी। उन्होंने इस परियोजना को कबीरधाम और आसपास के क्षेत्रों के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे विकास को नई गति मिलेगी।

अपने संबोधन में सांसद संतोष पांडे ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सिग्नल चौक पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे तथा रेल परियोजना की स्वीकृति पर उत्साह व्यक्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image