छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

सूरजपुर : जयनगर सेजेस विद्यालय में गूंजी "बैगलेस डे" पर महापुरुषों की गाथा

 चित्रकला, भाषण व संस्कृति से जगी राष्ट्रभक्ति

पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), जयनगर  में 'बैगलेस डे' के अवसर पर 'महापुरुषों की जयंती स्मरण एवं प्रेरणा कार्यक्रम'का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। 
          इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों के साथ-साथ देश के महान राष्ट्रनायकों के जीवन, उनके त्याग, संघर्ष और आदर्शों से परिचित कराना था।
            कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला और क्राफ्ट गतिविधियों से हुई। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, अमर शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महारानी लक्ष्मीबाई तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के आकर्षक चित्र बनाए और चार्ट पेपर पर उनके जीवन एवं योगदान को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।
          इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण, गीत एवं कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ देकर सभी को भावविभोर कर दिया। 
         विद्यालय के शिक्षकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए महापुरुषों के त्याग, साहस, निष्ठा और राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाए तथा विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया।
            कार्यक्रम में विद्यालय की प्रचार्या श्रीमती पुष्पा राय, माध्यमिक शाला की प्रधानपाठक श्रीमती आरती गुप्ता, प्राथमिक शाला की प्रधानपाठक श्रीमती मोनिका मलिक सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
           कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने महापुरुषों के बताए आदर्शों, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न यह आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image