छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

थाना भोरमदेव क्षेत्र की गुमशुदा महिला का जंगल में मिला शव, पुलिस एवं फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

 थाना भोरमदेव क्षेत्र की गुमशुदा महिला का जंगल में मिला शव, पुलिस एवं फोरेंसिक टीम जांच में जुटी


कवर्धा। कबीरधाम जिले के थाना भोरमदेव क्षेत्र अंतर्गत एक गुमशुदा महिला का शव जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। मामले की जांच जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 अगस्त 2026 को ग्राम चौरा निवासी झंगल बैगा ने थाना भोरमदेव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पत्नी चैती बाई बैगा (उम्र 28 वर्ष) दिनांक 26 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 7:00 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं और उसके बाद वापस नहीं लौटीं। सूचना मिलते ही थाना भोरमदेव में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तत्काल महिला की तलाश शुरू कर दी। साथ ही परिजनों एवं ग्रामीणों को भी आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के लिए कहा गया।

तलाश के दौरान मृतिका के घर से लगभग 200 मीटर दूर जंगल-झाड़ी में स्थित एक सेन्हा पेड़ की डंगाल पर मृतिका की साड़ी का एक सिरा बंधा हुआ मिला। इसके बाद आसपास की गहन तलाशी लेने पर पेड़ के नीचे एवं आसपास अलग-अलग स्थानों पर मानव अवशेष बरामद हुए।

सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी भोरमदेव सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उनके निर्देशन में पुलिस एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर वैज्ञानिक विधि से सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों एवं मानव अवशेषों का विधिवत संकलन किया। इसके उपरांत मर्ग कायम कर पंचनामा सहित अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।

घटनास्थल के निरीक्षण में मानव खोपड़ी, पसलियां तथा पैर की हड्डियां अलग-अलग स्थानों पर बिखरी हुई मिलीं। प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि शव को जंगली जानवरों द्वारा विभिन्न स्थानों तक खींच ले जाने के कारण वह क्षत-विक्षत हो गया। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक परीक्षण एवं वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

परिजनों ने घटनास्थल पर मिले चूड़ियों एवं अन्य पहचान चिह्नों के आधार पर शव की पहचान चैती बाई बैगा के रूप में की। सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद मानव अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, कवर्धा भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image