छत्तीसगढ़ / सुकमा

अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण

 सुकमा ।जिला प्रशासन द्वारा कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में लिपिकवर्गीय राजस्व कर्मचारियों के लिए एकदिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। अपर कलेक्टर  शबाब खान की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में शासकीय कार्यों की गुणवत्ता और गति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य निचले स्तर तक कार्यालयीन प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ करना है, ताकि आम जनता के राजस्व से जुड़े कार्यों का निपटारा बिना किसी विलंब के समय सीमा में किया जा सके।

   इस उच्चस्तरीय प्रशिक्षण के दौरान प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आपदा राहत से जुड़े “आरबीसी 6-4' (RBC 6-4) के मामलों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। अपर कलेक्टर ने इन प्रकरणों को अत्यंत गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, जिला, अनुभाग और तहसील स्तर के कर्मचारियों को सभी महत्वपूर्ण पंजियों (रजिस्टरों) के त्रुटिहीन संधारण और संचिकाओं के सुव्यवस्थित रखरखाव के लिए कड़े व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशासनिक कार्यकुशलता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले इस प्रशिक्षण में राजस्व विभाग की सभी प्रमुख शाखाओं को शामिल किया गया। रीडर, अधीक्षक, स्थापना, वित्त, सांख्यिकी, राजस्व, प्रोटोकॉल, शिकायत, वरिष्ठ लिपिक और नजारत जैसी विभिन्न शाखाओं के अनुभवी लिपिकों के माध्यम से गहन तकनीकी बारीकियों की जानकारी साझा की गई। कुशल कार्यप्रणाली और बेहतर समन्वय के लिए आयोजित प्रशासन का यह कदम न केवल कर्मचारियों की क्षमता का विकास करेगा, बल्कि सुकमा जिले में सुशासन और बेहतर जनसेवा की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image