जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के सत्यापन एवं पारदर्शिता के लिए विशेष ग्राम सभाओं का होगा आयोजन
बड़ेबचेली एवं कुआकोण्डा तहसील में ग्राम पंचायतों और आश्रित ग्रामों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
दंतेवाड़ा नवंबर 2026
जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत किए गए फसल सर्वेक्षण के विवरणों के सत्यापन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बड़ेबचेली द्वारा आदेश जारी कर ग्राम सभाओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
शासन के निर्देशानुसार विशेष ग्राम सभाओं में डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत दर्ज फसल संबंधी जानकारी ग्रामीणों एवं किसानों के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इस दौरान सर्वेक्षण में दर्ज विवरणों के संबंध में प्राप्त आपत्तियों एवं त्रुटियों पर चर्चा कर उनका निराकरण किया जाएगा, ताकि फसल सर्वेक्षण से संबंधित अभिलेखों में आवश्यक सुधार किया जा सके और किसानों को सही जानकारी उपलब्ध हो सके। ग्राम सभाओं के सफल आयोजन, पर्यवेक्षण एवं आवश्यक समन्वय के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों एवं आश्रित ग्रामों में शिक्षकों तथा प्राचार्यों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, ग्राम पंचायत सचिवों को ग्राम सभा की कार्यवाही का विवरण तैयार करने तथा आयोजन से संबंधित फोटोग्राफ्स सहित पालन प्रतिवेदन संबंधित तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा ग्राम सभाओं का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल से जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत दर्ज फसल संबंधी जानकारी का सत्यापन तथा किसानों की आपत्तियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।