पेण्ड्रा-मरवाही : दीपावली की पूर्व संध्या पर चलेगा ‘एक दीप साक्षरता का’ जनजागरूकता अभियान
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, नवंबर 2026
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत दीपावली की पूर्व संध्या पर शाम 6:30 से 7:30 बजे तक जिले में ‘एक दीप साक्षरता का’ जनजागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य असाक्षर वयस्कों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा सामुदायिक सहभागिता से साक्षरता के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाना है। जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा संबंधित अधिकारियों, प्राचार्यों और ग्राम प्रभारियों को आयोजन के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, विकासखंड कार्यालयों एवं उल्लास साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्वलित कर साक्षरता की शपथ ली जाएगी। शिक्षकों, स्वयंसेवी शिक्षकों और उल्लास एप पर पंजीकृत असाक्षरों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शिक्षा के महत्व का संदेश दिया जाएगा। अभियान के संबंध में वेबिनार के माध्यम से मार्गदर्शन दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से दीपावली के दीपों के साथ साक्षरता का दीप जलाने और अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है। आयोजन की तस्वीरों एवं वीडियो का सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।