छत्तीसगढ़ / धमतरी

स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार दिखेगा रोमांचक हॉर्स राइडिंग का प्रदर्शन

 धमतरी । धमतरी में इस वर्ष 15 अगस्त को आयोजित होने वाला 80वां स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह देशभक्ति, गौरव और रोमांच से भरपूर होगा। समारोह में पारंपरिक परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पहली बार हॉर्स राइडिंग का विशेष प्रदर्शन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। इससे पहले स्वतंत्रता दिवस समारोह में नारायणपुर (अबूझमाड़) के पारंपरिक मलखंभ का प्रदर्शन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा है।

इस बार समारोह में ब्रिगो हेक्टर (Brego & Hecter) कंपनी द्वारा घुड़सवारी एवं घोड़ों से जुड़े विभिन्न रोमांचक करतब प्रस्तुत किए जाएंगे। कंपनी की संचालक गीता दहिया ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हॉर्स राइडिंग के साथ टैड पैकिंग, बकेट पैकिंग, ग्रुप टैड पैकिंग, इंडियन फाइल, जंपिंग तथा इंडियन फ्लैग सहित विभिन्न प्रस्तुतियां होंगी। प्रशिक्षित घोड़ों और कुशल घुड़सवारों के समन्वय से होने वाला यह प्रदर्शन दर्शकों के लिए रोमांचकारी अनुभव होगा।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में शामिल घोड़े विदेशी नस्लों के हैं, जिनमें इंग्लैंड, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया की नस्लों के घोड़े शामिल हैं। घोड़ों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है और प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर  मैं आयोजित होगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि हमारी विविध सांस्कृतिक और साहसिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि धमतरी के स्वतंत्रता दिवस समारोह में हर वर्ष कुछ नया और विशेष देखने को मिलता है। नारायणपुर (अबूझमाड़) के मलखंभ प्रदर्शन के बाद इस वर्ष पहली बार हॉर्स राइडिंग का प्रदर्शन समारोह को और अधिक आकर्षक एवं यादगार बनाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्रीय पर्व के इस गौरवपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनें। जिला मुख्यालय में आयोजित 15 अगस्त के  मुख्य समारोह में विधायक कुरूद अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि होंगे।

 

 
 

Leave Your Comment

Click to reload image