छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

बैगलेस डे पर विद्यार्थियों ने पेश की रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल

 सूरजपुर । जिले के विद्यालयों में बैगलेस डे के अवसर पर विद्यार्थियों को सीखने के साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक के निर्देशन में आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला तीवरागुड़ी, माध्यमिक शाला पस्ता तथा माध्यमिक शाला पंपानगर में राखी बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने कागज एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री से आकर्षक राखियां तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, रचनात्मकता और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के सदुपयोग का संदेश दिया गया।

बैगलेस डे के अंतर्गत विद्यालयों में संचालित पोषण वाटिकाओं की नींदाई-गुड़ाई एवं रखरखाव की गतिविधियां भी कराई गईं। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता में सहभागिता करते हुए खरपतवार का उन्मूलन किया और स्वच्छ एवं सुंदर विद्यालय परिसर का संदेश दिया।

कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग जिला मिशन समन्वयक डीएमसी मनोज साहू , सहायक संचालक शिक्षा अजय सिंह सहित एडीपीओ समग्र शिक्षा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयकों द्वारा की जा रही है। बैगलेस डे की ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, स्वच्छता की आदत और सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image