छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

सूरज की रोशनी से संवर रही अटल आवास की जिंदगी, 25 परिवारों को मिली आसान पेयजल सुविधा

 डीएमएफ मद से स्थापित सोलर ड्यूल पंप बना राहत का जरिया, पानी के लिए हैंडपंप और टैंकर पर निर्भरता हुई कम


अटल आवास परिसर में रहने वाले करीब 25 गरीब परिवारों के लिए अब पानी भरने की परेशानी काफी हद तक आसान हो गई है। जिला प्रशासन मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की पहल से यहां जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से सोलर ड्यूल पंप संयंत्र स्थापित किया गया है। क्रियान्वयन एजेंसी छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के माध्यम से स्थापित इस संयंत्र से परिसर में पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिली है। पहले अटल आवास में निवासरत परिवारों को पानी के लिए हैंडपंप और नगर पालिका के टैंकर पर निर्भर रहना पड़ता था। जरूरत के मुताबिक पानी जुटाने में परिवारों को काफी समय और श्रम खर्च करना पड़ता था। विशेषकर रोजमर्रा के घरेलू कार्यों के लिए पानी की व्यवस्था करना उनके लिए एक बड़ी चुनौती थी। सोलर ड्यूल पंप की स्थापना के बाद स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। सौर ऊर्जा से संचालित इस संयंत्र के माध्यम से अब परिसर में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो रहा है। परिवारों को पीने के पानी के साथ-साथ दैनिक घरेलू उपयोग के लिए भी पानी आसानी से मिल रहा है। इससे पानी भरने में लगने वाला अतिरिक्त श्रम कम हुआ है और परिवारों के बहुमूल्य समय की भी बचत हो रही है।

पानी की चिंता हुई कम, रोजमर्रा की जिंदगी हुई आसान

अटल आवास में रहने वाले परिवारों के लिए यह सुविधा केवल पेयजल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी भी आसान हुई है। पहले पानी के लिए टैंकर का इंतजार करना या हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ता था। अब सोलर ड्यूल पंप के माध्यम से पानी की उपलब्धता अधिक सहज हुई है। परिसर में निवासरत परिवारों ने बताया कि सोलर ड्यूल पंप लगने के बाद पानी की व्यवस्था पहले की अपेक्षा काफी सरल और सुविधाजनक हुई है। इससे उन्हें पानी के लिए होने वाली भागदौड़ और अतिरिक्त मेहनत से राहत मिली है। परिवारों ने इस सुविधा के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके लिए उपयोगी पहल बताया। जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ मद के माध्यम से मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में किए गए इस कार्य से अटल आवास के जरूरतमंद परिवारों को सीधे लाभ मिल रहा है। सौर ऊर्जा आधारित यह पहल स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग के साथ-साथ स्थानीय परिवारों के जीवन को सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हो रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image