छत्तीसगढ़ / सरगुजा

एकलव्य विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए तृतीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 9 से 16 सितंबर तक

 रिक्त सीटों के लिए चयनित अभ्यर्थी ऑनलाइन काउंसलिंग में ले सकेंगे भाग

अम्बिकापुर 09 सितम्बर 2026

 शिक्षा सत्र 2026-27 में जिले में संचालित 05 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए तृतीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 09 सितंबर से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 तक निर्धारित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों एवं काउंसलिंग केंद्रों में प्रातः 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आयोजित प्राक्चयन परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद प्रथम एवं द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग पूर्ण कर चयन सूची जारी की जा चुकी है। अंतिम प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत रिक्त सीटों के लिए तृतीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित की जा रही है।
तृतीय चरण की काउंसलिंग में शामिल होने वाले चयनित अभ्यर्थियों की सूची, काउंसलिंग केंद्र एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट 
https://eklavya.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है।
ऐसे अभ्यर्थी, जिनका प्रथम एवं द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए चयन हुआ था, लेकिन उन्हें विद्यालय आवंटित नहीं हो सका, वे पूर्व में जारी सूची में प्रदर्शित विद्यालय में उपस्थित होकर अनुलग्नक-3 प्राप्त कर निर्धारित वांछित प्रविष्टि पूर्ण करने के बाद 09 से 16 सितंबर तक पुनः ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। उन्हें पुनः पंजीयन की आवश्यकता नहीं होगी।
अभ्यर्थी ऑनलाइन काउंसलिंग से पूर्व 
https://eklavya.cg.nic.in/  का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त कर लें। काउंसलिंग के दौरान कक्षा 5वीं की मूल अंकसूची (मार्कशीट), मूल निवास प्रमाण पत्र, स्थायी जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा विशेष श्रेणी के अभ्यर्थी होने पर संबंधित सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर काउंसलिंग केंद्र में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

Leave Your Comment

Click to reload image