छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

’दीपों की रोशनी से जगमगाया कलेक्टोरेट परिसर, जिलेभर में गूंजा ‘आशीर्वाद का दीया’ का संदेश’

 गरियाबंद  । ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अवसर पर गुरुवार को गरियाबंद जिले में दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से जनभागीदारी और सेवा भावना का संदेश दिया गया। जिले के प्रमुख स्थलों, शासकीय कार्यालयों, गांवों एवं मोहल्लों में उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर  रणबीर शर्मा एवं एसपी  वेदव्रत सिरमौर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी -कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए। दीपों की रोशनी से कलेक्टोरेट परिसर का गार्डन आकर्षक नजर आया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और सेवा भावना के साथ जिले के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

’जिलेभर में विभिन्न स्थानों में जले दीप’

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल रहा। नागरिकों ने अपने घरों के साथ-साथ मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य स्थानों पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। गांवों एवं शहरी क्षेत्रों के मोहल्लों में भी लोगों ने दीप जलाकर इस अवसर को उत्साहपूर्वक मनाया। दीप प्रज्ज्वलन का यह आयोजन जनभागीदारी, सेवा भावना और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बना। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image