छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

कहानी बदलाव की : जल जीवन मिशन से बदली ग्राम बारीउमराव की तस्वीर, हर घर पहुंचा नल से शुद्ध पेयजल

 दूर के हैंडपंप और लंबी कतारों से मिली मुक्ति, ग्रामीणों के जीवन में आया सुकून और सुविधा का उजियारा

                गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 19 सितंबर 2026

जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले के ग्रामीण अंचलों में पेयजल की सुविधा का विस्तार हो रहा है। पेंड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बारीउमराव में योजना के तहत शत-प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन पहुंचने से ग्रामीणों को घर बैठे शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल रही है। नल खोलते ही आंगन तक पानी पहुंचने से ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सुविधा और राहत का नया अध्याय जुड़ा है।जल जीवन मिशन से पहले ग्राम बारीउमराव के ग्रामीणों को पेयजल और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर स्थित हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर गर्मी के दिनों में पानी के लिए लंबी कतारों में लगना और कई बार हैंडपंप खराब होने पर दूर-दराज से पानी लाना ग्रामीणों के लिए कठिन चुनौती बन जाता था। इससे समय और श्रम दोनों की खपत होती थी।   
          गांव के निवासी श्री करम दास  बताते हैं कि पहले पीने और रोजमर्रा के कामों के लिए पानी के लिए हमें घर से दूर लगे हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता था। भीषण गर्मी में हैंडपंप पर लंबी लाइन लगती थी, जिससे समय और मेहनत दोनों की बहुत बर्बादी होती थी। कई बार तो हैंडपंप खराब हो जाने पर दूर-दराज से पानी भरकर लाना पड़ता था, जो किसी चुनौती से कम नहीं था। लेकिन अब जल जीवन मिशन ने हमारी जिंदगी बदल दी है। योजना के तहत हमारे घर पर ही नल लग गया है और उसमें नियमित रूप से पानी आ रहा है। अब न तो दूर जाना पड़ता है और न ही लाइन में लगना पड़ता है। समय की बचत होने से हम अन्य कामों पर ध्यान दे पा रहे हैं। इस सुविधा से हमारा पूरा परिवार बेहद खुश है। हम इस जन-कल्याणकारी योजना के लिए सरकार को धन्यवाद देते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image