छत्तीसगढ़ / सरगुजा

सेवा संकल्प अभियान : जल जन सेवा संकल्प: बांकी जलाशय में श्रमदान और वृक्षारोपण से दिया जल संरक्षण का संदेश

 जलाशय परिसर में चला स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर निभाई सहभागिता

डीडीसी श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया की उपस्थिति में लगाए गए पौधे, जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने का लिया संकल्प

अम्बिकापुर 23 सितम्बर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर द्वारा बांकी जलाशय में ‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत वृक्षारोपण, श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक सहभागिता कर जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान बांकी जलाशय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। जलाशय क्षेत्र में फैले कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को हटाते हुए परिसर को स्वच्छ किया गया। इसके साथ ही जलाशय के आसपास हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया गया।

जल संरक्षण में जनभागीदारी को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम में ग्रामीणों को जलाशयों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखना केवल विभागीय दायित्व नहीं, बल्कि इसमें स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। नियमित साफ-सफाई, जल स्रोतों के आसपास हरियाली और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के माध्यम से जल संरक्षण के प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने जलाशय को स्वच्छ रखने, इसके आसपास कचरा नहीं फैलाने तथा जल संरक्षण के प्रति अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।

श्रमदान के साथ पौधरोपण, संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण जन तथा जल संसाधन विभाग संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने श्रमदान और पौधरोपण में सक्रिय सहभागिता करते हुए जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

‘जल जन सेवा संकल्प’ से जलाशयों के संरक्षण का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘जल जन सेवा संकल्प’ के माध्यम से जल स्त्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण और संवर्धन को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image