छत्तीसगढ़ / जशपुर

सेवा और अनुभव की मिसाल हैं हमारे सियान जन, युवा पीढ़ी को इनसे सीखने की जरूरत : सालिक साय

 जशपुरनगर । अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग जशपुर द्वारा न्यू कम्युनिटी हॉल, बालाजी मंदिर के सामने, जशपुर में जिला स्तरीय समारोह एवं ‘जशपुर सियान आइडल’ फाइनल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करने के साथ उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया। सियान आइडल में वरिष्ठ नागरिकों ने गायन, भाषण एवं कविता पाठ सहित विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से भी उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगरपालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण की सुविधा दी गई तथा जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को बस पास वितरित किए गए। पुलिस विभाग ने साइबर अपराधों से बचाव तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों एवं विधिक सहायता की जानकारी दी। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र तथा वरिष्ठ नागरिकों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

 
 
 

वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी : सालिक साय

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव और योगदान से परिवार एवं समाज को दिशा दी है। उनके अनुभव, संघर्ष और संस्कार युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद समाज के लिए महत्वपूर्ण है।

 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image