‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत जिलेभर में श्रमदान और वृक्षारोपण
अम्बिकापुर । सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत बुधवार को जिलेभर में स्वच्छता गतिविधियों के साथ वृक्षारोपण किया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शासकीय संस्थाओं में सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। अभियान में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
अभियान के दौरान ग्राम पंचायत परिसरों, सार्वजनिक स्थलों, सप्ताहिक बाजार, आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय संस्थाओं सहित आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने श्रमदान और वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से लोगों को अपने गांव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता,जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है।