सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी : जल जीवन मिशन से अर्जुनी में बदली तस्वीर, हर घर पहुंचा स्वच्छ पेयजल
सक्ती, अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही है। विकासखंड सक्ती के ग्राम पंचायत अर्जुनी में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल कनेक्शन की सुविधा ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव ला दिया है। कभी पेयजल के लिए हैंडपंपों के सामने लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था, वहीं आज गांव के 283 परिवारों के घर-आंगन में नल से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। योजना से महिलाओं का समय और श्रम बचा है तथा बच्चों को भी पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल रहा है। ग्राम अर्जुनी की कुल जनसंख्या 1044 है और यहां 283 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन (FHTC) उपलब्ध कराया गया है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मार्गदर्शन और ग्रामीणों की सहभागिता से गांव में उच्चस्तरीय जलाशय, पंप हाउस तथा पाइपलाइन नेटवर्क का निर्माण किया गया। इसके माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पाइपलाइन से जलापूर्ति सुनिश्चित की गई। पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए गांव की महिलाओं को फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से पानी की शुद्धता जांचने का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं योजना के संचालन एवं रखरखाव के लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) का गठन कर ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की गई। योजना से पहले ग्राम अर्जुनी में पेयजल की कमी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या थी। सुबह होते ही महिलाएं और बालिकाएं सिर पर बर्तन लेकर हैंडपंपों की ओर निकल पड़ती थीं। गर्मी के दिनों में जलस्तर नीचे जाने पर पानी के लिए घंटों लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था। पानी भरने में महिलाओं का अधिकांश समय और ऊर्जा खर्च हो जाती थी, वहीं बालिकाओं की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। असुरक्षित पानी के कारण मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की समस्या भी बनी रहती थी।
जल जीवन मिशन के माध्यम से घर तक नल पहुंचने के बाद अर्जुनी की महिलाओं को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। अब घर के आंगन में ही नल खोलते ही स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो जाता है। इससे महिलाओं के सिर से पानी ढोने का बोझ कम हुआ है और बचा हुआ समय वे परिवार की देखभाल तथा आजीविका संबंधी कार्यों में लगा पा रही हैं। बच्चों को भी पानी लाने की चिंता से मुक्ति मिली है और वे नियमित रूप से स्कूल जा पा रहे हैं।
जनभागीदारी से मजबूत हुई जल व्यवस्था
ग्राम अर्जुनी में जल जीवन मिशन को केवल शासकीय योजना के रूप में नहीं, बल्कि सामुदायिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया गया है। ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। जल गुणवत्ता की नियमित जांच और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता से ग्रामीणों में अपनी जल व्यवस्था के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत हुई है। आज ग्राम अर्जुनी में हर घर तक पहुंचती नल की जलधारा केवल पानी की सुविधा नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, बच्चों की पढ़ाई, बेहतर स्वास्थ्य और ग्रामीणों के सुखद जीवन की नई कहानी लिख रही है। जल जीवन मिशन ने गांव को ‘हर घर जल’ की सुविधा से जोड़ते हुए जनभागीदारी और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सार्थक कदम स्थापित किया है।