सेवा संकल्प अभियान : सेवा सेतु शिविर में चतुर राम साहू को मिला निःशुल्क चश्मा
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत कृषि उपज मंडी परिसर पनगांव, बलौदाबाजार में आयोजित सेवा सेतु शिविर में आमजनों को विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में अपना घर कॉलोनी निवासी चतुर राम साहू का शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य जांच के दौरान चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर उन्हें चश्मा प्रदान किया गया। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चश्मा मिलने से श्री चतुर राम साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सेवा सेतु शिविर के आयोजन के लिए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, श्रम, कृषि सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को नागरिकों के और अधिक करीब पहुंचाते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाना है।