सेवा संकल्प से संवरा कोयपाल : 241वीं वाहिनी सीआरपीएफ और ग्रामीणों ने मिलकर रचा स्वच्छता का नया अध्याय
जगदलपुर, 02 अक्टूबर 2026
देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में अग्रणी रहने वाली केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि समाज के प्रति उनका समर्पण केवल सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जन-सेवा का संकल्प उनकी कार्यशैली का अटूट हिस्सा है। इसी सेवा भावना को धरातल पर उतारते हुए 241वीं वाहिनी सीआरपीएफ ने गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायत कोयपाल में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत एक प्रेरणादायक वातावरण का सृजन किया। राष्ट्रीय आह्वान एक दिन, एक घंटा, एक साथ को आत्मसात करते हुए जब बल के जवानों और अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हाथों में झाड़ू उठाई, तो पूरा मिनी स्टेडियम परिसर एकता और जन-भागीदारी की मिसाल बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही कोयपाल स्थित मिनी स्टेडियम और आसपास के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्रों में सघन सफाई का कार्य युद्धस्तर पर आरंभ हुआ। जवानों और स्थानीय ग्रामीणों के सामूहिक श्रमदान से सड़क किनारे जमा कचरा, प्लास्टिक अपशिष्ट और अव्यवस्थित झाडि़यों को हटाकर समूचे क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया गया। सुरक्षा बलों के इस सेवा संकल्प ने स्थानीय निवासियों में भी गहरा उत्साह भरा, जिसके फलस्वरूप बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी ने अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाने के इस पुनीत कार्य में पूरे मनोयोग से भागीदारी निभाई।
इस विशेष अवसर पर स्वास्थ्य और सुरक्षा का अनूठा समन्वय देखने को मिला, जब मुख्य अतिथि स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. महेश कुमार सान्डिया, 241 बटालियन के कमांडेंट श्री हरविंदर सिंह तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मैत्री ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता के दूरगामी प्रभावों से अवगत कराया। अधिकारियों ने अपने प्रेरक संबोधन में रेखांकित किया कि सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही एक मजबूत समाज की नींव हैं, और स्वच्छता इन दोनों को आपस में जोड़ती है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से भावुक अपील की कि इस अभियान को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक जीवन का स्वाभाविक अंग बनाएं ताकि ठोस अपशिष्ट के सही निस्तारण से पर्यावरण सुरक्षित रहे और आने वाली पीढि़यां एक स्वस्थ परिवेश में सांस ले सकें।
कार्यक्रम की सफलता में 241वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी श्री संजय कुमार, उप कमांडेंट श्री निरंजन कुमार निराला, उप कमांडेंट श्री प्रमोद कुमार मीणा सहित बल के अन्य अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों की सक्रिय भूमिका रही। साथ ही, ग्राम पंचायत सेड़वा के सरपंच और कोयपाल क्षेत्र के भारी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों के सहयोग ने इस आयोजन को एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया। यह पूरा आयोजन न केवल स्वच्छता का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि सुरक्षा बलों और अंचल के ग्रामीणों के बीच परस्पर विश्वास, आत्मीयता और सामूहिक विकास की भावना को भी और अधिक सुदृढ़ कर गया।