सेवा संकल्प अभियान: अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठजन दिवस पर लोरमी में वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान
मुंगेली, 02 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत लोरमी में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनके जीवन अनुभवों, योगदान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्ग परिवार की नींव और अनुभवों की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके जीवन के अनुभव नई पीढ़ी को संस्कार, मार्गदर्शन और जीवन मूल्यों की सीख देते हैं। बढ़ती उम्र में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, अपनापन और साथ की आवश्यकता होती है। उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना परिवार एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह के माध्यम से बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनके अनुभवों को सुना गया तथा उनके योगदान को रेखांकित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के वरिष्ठ सदस्यों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत लोरमी के उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र साहू, जनपद सदस्य श्रीमती सफूरा भार्गव, जनपद सदस्य श्री मूलचंद डाहिरे, श्री प्रदीप साहू, श्री कमल सिंह, जनपद पंचायत लोरमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुरेश कंवर सहित अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।