अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति के लिए प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन होगा जारी’
नारायणपुर । लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार केन्द्र प्रवर्तित अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को प्री-मेट्रिक छात्रवृत्ति के कम्पोनेंट-11 के अंतर्गत देय अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन जारी किया जाएगा। इस संबंध में चिप्स द्वारा प्रमाण पत्र तैयार कर ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए लाइव कर दिया गया है।
अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति का लाभ कक्षा 1ली से 10वीं तक अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को प्रदान किया जाता है। छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए आवश्यक अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र अब जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र की तरह अनुविभागीय अधिकारी/तहसीलदार स्तर से ऑनलाइन जारी किया जा सकेगा। इससे विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया में सुविधा होगी।
अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदक अनुविभागीय अधिकारी/तहसीलदार कार्यालय के अंतर्गत संचालित लोक सेवा केन्द्र में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त निर्धारित प्रारूप में तैयार प्रमाण पत्र पर संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच अथवा नगरीय क्षेत्र में पार्षद के हस्ताक्षर तथा पटवारी के हस्ताक्षर कराकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया जा सकता है।