सेवा की कहानी’ : ’सेवा संकल्प अभियान : पक्के आवास ने राकेश कुमार यादव के परिवार को दिया सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन’
नारायणपुर, 7 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्की छत और सुरक्षित जीवन का आधार बन रही है। योजना के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे परिवारों को अपना पक्का घर मिल रहा है, जो वर्षों से कच्चे मकान में रहकर कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। ग्राम पंचायत बेनूर के ग्राम भैरागांव निवासी श्री रमेश कुमार यादव भी ऐसे ही हितग्राहियों में शामिल हैं।
श्री रमेश कुमार यादव अपने परिवार के साथ खेती एवं मजदूरी कर जीवन-यापन करते थे। उनका परिवार पहले कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दिनों में मकान की छत से पानी टपकने और घर की कमजोर स्थिति के कारण पूरे परिवार को काफी परेशानी होती थी। बच्चों एवं परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती थी।
वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत श्री रमेश कुमार यादव को 1 लाख 30 हजार की स्वीकृत राशि प्राप्त हुई। योजना की सहायता से उन्होंने अपने पुराने कच्चे मकान की जगह पक्का घर बनवाया। आज उनका परिवार सुरक्षित और सुविधाजनक आवास में रह रहा है। पक्का मकान मिलने के साथ ही उनके जीवन में स्थायित्व और आत्मविश्वास आया है।
नए आवास के साथ परिवार को शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ मिला है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन तथा हर घर नल योजना के माध्यम से पेयजल सुविधा उपलब्ध हुई है। इसके अलावा आवास के साथ निर्मित छोटी दुकान से परिवार को अतिरिक्त आय का साधन भी प्राप्त हुआ है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिल रही है।
श्री रमेश कुमार यादव कहते हैं कि पक्का घर मिलने से अब बारिश और मौसम की चिंता नहीं रहती। परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।