छत्तीसगढ़ / बालोद

सेवा संकल्प अभियान : जिले में सरकारी सामानों की पारदर्शी खरीदी के लिए जिला स्तरीय क्रय समिति गठित

 जेम पोर्टल के माध्यम से होगी कंप्यूटर, फर्नीचर, उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीदी

बालोद, अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों और छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम 2002 (संशोधित 2022) के तहत जिले में शासकीय खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और नियमों के अनुरूप संचालित करने के लिए जिला स्तरीय क्रय समिति का गठन किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के अंतर्गत संचालित विभिन्न सरकारी विभागों के लिए कंप्यूटर, फर्नीचर, उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीदी अब भारत सरकार के जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

क्रय समिति की संरचना

अपर कलेक्टर जिला स्तरीय क्रय समिति के अध्यक्ष होंगे। इसी तरह संबंधित विभाग/कार्यालय प्रमुख समिति के सचिव होंगे। जिला कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी, जिला कोषालय अधिकारी, सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, ई-जिला प्रबंधक एवं अधीक्षक जिला कार्यालय समिति के सदस्य होंगे।  

जेम पोर्टल का अनिवार्य उपयोग

 जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और विभागों को निर्देश दिया गया है कि कंप्यूटर उपकरण, फर्नीचर या अन्य सामग्री की खरीद के लिए अनिवार्य रूप से जेम पोर्टल का ही उपयोग करें। सभी खरीदी प्रक्रियाएं ’छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम 2002 (संशोधित 2022)’ और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही पूरी की जाएंगी।
समिति यह सुनिश्चित करेगी कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी हो और शासकीय कार्यों के लिए आवश्यक उपकरण समय पर उपलब्ध कराए जाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image