आयुष्मान कार्ड से आशीष को मिला निःशुल्क उपचार, पोषण सहायता से नीलमणि को मिला संबल
सूरजपुर । बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवन की दिशा में शासकीय योजनाएं जरूरतमंद नागरिकों का सहारा बन रही हैं। आयुष्मान भारत योजना से निःशुल्क उपचार और टीबी मरीजों को पोषण सहायता मिलने से हितग्राहियों को आर्थिक राहत के साथ स्वस्थ होने का भरोसा मिल रहा है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम में सूरजपुर निवासी आशीष टोप्पो और बद्रीका आश्रम निवासी नीलमणि यादव ने अपने अनुभव साझा किया
आयुष्मान कार्ड ने दूर की इलाज के खर्च की चिंता’
सूरजपुर निवासी आशीष टोप्पो लगभग एक वर्ष पहले डेंगू से पीड़ित हुए थे। बीमारी के इस दौर में जिला अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उनका निःशुल्क उपचार हुआ। इससे उन्हें इलाज का खर्च जुटाने की चिंता से राहत मिली। आशीष बताते हैं कि यदि आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिलता, तो उपचार का खर्च उनके लिए आर्थिक परेशानी का कारण बन सकता था। योजना के माध्यम से समय पर उपचार मिलने से कठिन परिस्थिति का सामना करने में मदद मिली। वे बताते हैं कि आयुष्मान कार्ड स्वास्थ्य सुरक्षा का ऐसा सहारा बना, जिसकी जरूरत बीमारी के समय महसूस हुई। उन्होंने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
उपचार के साथ पोषण सहायता ने बढ़ाया बीमारी से लड़ने का हौसला
बद्रीका आश्रम निवासी नीलमणि यादव पिछले तीन महीनों से टीबी का उपचार करा रहे हैं। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें पोषण एवं राशन किट की सहायता मिल रही है। लंबे समय तक चलने वाले उपचार के बीच यह सहयोग उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार बन रहा है।
नीलमणि बताते हैं कि उपचार के साथ मिलने वाली पोषण सहायता उन्हें बीमारी से लड़ने का हौसला देती है। नियमित रूप से मिल रहे सहयोग से उन्हें यह भरोसा मिला है कि स्वास्थ्य विभाग उनके उपचार में साथ खड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लोगों के जीवन में राहत पहुंचा रहा है। जरूरत के समय मिलने वाला सहयोग नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने शासन के प्रयासों को सार्थक बना रहा है।