गौरेला। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अग्रवाल समाज द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के पुरुषों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक आस्था के साथ निकली शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान महाराजा अग्रसेन के जयकारों से नगर गुंजायमान रहा।
महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल समाज द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समाज के लोगों में जयंती को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन आयोजित हो रहे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के लोग एकजुट होकर महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का संदेश दे रहे हैं।
समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद सहाय अग्रवाल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन जयंती समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का पर्व है। महाराजा अग्रसेन ने समाज में समानता, सहयोग और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष अतुल गोयल, बड़े अग्रवाल, दिलीप केडिया, सियाराम गोयल, राजेश गर्ग, रौनक गोयल, निलेश केडिया सहित अनेक सामाजिक लोग उपस्थित रहे। सभी ने जयंती के आयोजन में सहभागिता निभाते हुए महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
