छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने विद्यार्थियों में उत्साह : 17 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों से भरवाए गए फॉर्म-6

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 11 अक्टूबर 2026

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विजय दयाराम के. के निर्देशन में जिले में मतदाता सूची के पुनर्सत्यापन एवं नवीन मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार 10 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टीकरकला गौरेला, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरवाही सहित जिले के विभिन्न शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के तहत विद्यालयों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लब (ईएलसी) एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से 17 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस दौरान पात्रता के अनुसार विद्यार्थियों से फॉर्म-6 भरवाए गए तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। 

        कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य आगामी अर्हता तिथियों पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का अग्रिम पंजीयन सुनिश्चित करना तथा कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे, इसके लिए जागरूकता बढ़ाना है। विद्यालयों में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की आवश्यकता तथा निर्वाचन प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी निर्धारित अर्हता तिथि के अनुरूप फॉर्म-6 के माध्यम से अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। उनका नाम 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने एवं निर्धारित पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिले के सभी पात्र युवाओं से मतदाता पंजीयन अभियान का लाभ उठाने तथा लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण दायित्व के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image