छत्तीसगढ़ / बालोद

अग्निवीर थलसेना भर्ती परीक्षा: लिखित परीक्षा उत्तीर्ण युवाओं का निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण 15 अक्टूबर से

 बालोद, अक्टूबर 2026

भारतीय अग्निवीर थलसेना भर्ती 2026 की ऑनलाइन लिखित परीक्षा में सफल होने वाले जिले के युवाओं के लिए जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय द्वारा निःशुल्क शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष प्रशिक्षण दिनांक 15 अक्टूबर से सुबह 06 से 08 बजे तक स्थानीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम मैदान में प्रारंभ होगा।

रक्षित केंद्र के पीटीआई द्वारा दिया जाएगा अभ्यास

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि सेना भर्ती कार्यालय द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन जनवरी 2027 में किया जाना संभावित है। इसे दृष्टिगत रखते हुए जिले के सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक रूप से सुदृढ़ एवं दक्ष बनाने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र बालोद के पीटीआई (प्रशिक्षक) श्री श्यामकरण रॉय (मोबाइल नंबर 9753964328) द्वारा सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम मैदान में नियमित अभ्यास कराया जाएगा।

पोर्टल पर करना होगा ऑनलाइन आवेदन

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जिले के ऐसे सभी अभ्यर्थी जिन्होंने अग्निवीर थलसेना 2026 की ऑनलाइन लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, वे रोजगार विभाग के आधिकारिक पोर्टल  erojgar.cg.gov.in  पर जाकर ’अग्निवीर थलसेना शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण’ हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन ने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे समय पर ऑनलाइन आवेदन कर इस निःशुल्क प्रशिक्षण का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image