छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में ऊर्जा संरक्षण पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में ऊर्जा संरक्षण पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित


विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से दिया ऊर्जा बचाने का संदेश, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल से किया सम्मानित

पंडरिया- विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता प्रख्यात व्याख्याता तुलस राम चंद्राकर एवं व्यायाम शिक्षक कोमल प्रसाद धृतलहरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

प्रतियोगिता को दो समूहों में विभाजित किया गया। ग्रुप-A में कक्षा छठवीं एवं सातवीं तथा ग्रुप-B में कक्षा आठवीं, नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने ऊर्जा संरक्षण, बिजली की बचत, ऊर्जा के सदुपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और चित्रों के माध्यम से ऊर्जा बचाने का प्रेरणादायक संदेश दिया।

प्रतियोगिता के परिणाम में ग्रुप-A में प्रथम स्थान प्रियांशु, द्वितीय स्थान विपिन तथा तृतीय स्थान कुमारी चित्रेखा ने प्राप्त किया। वहीं, ग्रुप-B में प्रथम स्थान कुमारी सीमा (कक्षा दसवीं), द्वितीय स्थान कुमारी रिंकी एवं कुमारी वंदना (कक्षा दसवीं) तथा तृतीय स्थान कुमारी विद्या (कक्षा दसवीं) एवं कुमारी सुहाना (कक्षा आठवीं) ने प्राप्त किया।

विजेता विद्यार्थियों को प्रथम स्थान के लिए गोल्ड मेडल, द्वितीय स्थान के लिए सिल्वर मेडल तथा तृतीय स्थान के लिए ब्रॉन्ज मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में ऊर्जा के महत्व के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें दैनिक जीवन में बिजली की बचत और ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित करना था।

इस प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सृजनशीलता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image