छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

बिटिया @ वर्क’ अभियान के तहत 20 बालिकाओं ने किया शासकीय कार्यालयों का भ्रमण

 कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शासकीय योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी

दंतेवाड़ा, 23 अक्टूबर 2026

कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को ‘बिटिया @ वर्क’ अभियान के अंतर्गत बालगृह बालिका, टुमॉरोज फाउंडेशन संस्था में निवासरत 20 बालिकाओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों का भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शासकीय कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
    कार्यक्रम के प्रारंभ में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुश्री तनुजा बेलसरिया एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री चंचल पैकरा ने बालिकाओं के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में प्राप्त अवसरों, चुनौतियों और सफलता के अनुभवों के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण एवं आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं को जीवन में अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। इसके पश्चात जिला मिशन समन्वयक सुश्री सरिता देशमुख ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।
     कार्यक्रम के अगले चरण में कलेक्ट्रेट कार्यालय के अधीक्षक श्री राव ने बालिकाओं को कलेक्ट्रेट परिसर की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्हें कार्यालयीन व्यवस्था, शासकीय पत्राचार, प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा आम नागरिकों को प्रदान की जाने वाली शासकीय सेवाओं की जानकारी दी गई। इससे बालिकाओं को जिला प्रशासन के कार्यों और विभिन्न विभागों की भूमिका को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

इसके उपरांत बालिकाओं को साइबर सेल का भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें साइबर अपराधों के प्रकार, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही साइबर ठगी अथवा ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में सतर्क रहने और उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में बालिकाओं ने सखी वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण किया। यहां उन्हें हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए उपलब्ध परामर्श, पुलिस सहायता, विधिक सहायता, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सहयोगात्मक सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और इन सुविधाओं के महत्व से अवगत कराया गया।
    ‘बिटिया @ वर्क’ अभियान के माध्यम से बालिकाओं को विभिन्न शासकीय संस्थानों की कार्यप्रणाली को समझने, अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक होने तथा भविष्य में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। यह पहल बालिकाओं को व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन देने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

Leave Your Comment

Click to reload image