त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर नमूने जांच के लिए भेजे मिठाइयों की गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट रोकने खाद्य प्रतिष्ठानों को दिए निर्देश
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद, :- कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार नवरात्रि, दशहरा एवं दीपावली त्योहारों के मद्देनजर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज मेसर्स भवानी बीकानेर स्वीट्स, मेसर्स गुजराती स्वीट्स, मेसर्स मधुबन स्वीट्स एवं मेसर्स डेली डिलाइट सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिलावटी एवं अवमानक खाद्य पदार्थों की आशंका के आधार पर मेसर्स भवानी बीकानेर स्वीट्स से कुंदा तथा मेसर्स गुजराती स्वीट्स से कुंदा के नमूने संकलित कर जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर भेजे गए हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।