छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

एसएसआर-2027 के लिए तहसील स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को दिया गया प्रशिक्षण’

 ’प्रारूप मतदाता सूची 12 नवंबर को होगी प्रकाशित, 04 जनवरी 2027 को अंतिम सूची जारी करने का प्रस्ताव’

 
दंतेवाड़ा, 30 अक्टूबर 2026।

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर-2027) के सफल क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय, दंतेवाड़ा के भूतल स्थित सभाकक्ष में तहसील स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सारणी की विस्तृत जानकारी दी गई।
    इस प्रशिक्षण में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स एवं निर्वाचन लिपिक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम विलोपित करने, प्रविष्टियों में संशोधन तथा निर्वाचन संबंधी तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं पर जानकारी दी गई।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजरों एवं अभिहित अधिकारियों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षण प्रदान करें, ताकि पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
      इसी क्रम में संबंधित बीएलओ सुपरवाइजरों एवं अभिहित अधिकारियों का तहसीलवार प्रशिक्षण 03 नवंबर को दंतेवाड़ा, गीदम एवं बारसूर तहसीलों के लिए तथा 04 नवंबर को कटेकल्याण, कुआकोंडा एवं बड़ेबचेली तहसीलों के लिए आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image