छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

’मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने शोध कार्य के लिए किया डेटा संकलन’

 ’व्यावहारिक ज्ञान और शोध पद्धति की समझ विकसित करने की दिशा में पहल’

दंतेवाड़ा, 30 अक्टूबर 2026

शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा के मनोविज्ञान विभाग के पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने अपने शैक्षणिक पाठ्यक्रम एवं शोध कार्य के अंतर्गत डेटा संकलन का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एम. प्रसाद के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के दल ने शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय, दंतेवाड़ा पहुंचकर छात्राओं से शोध संबंधी आवश्यक जानकारी एकत्र की।
   इस अवसर पर शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेक शर्मा ने शोधार्थी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शोध की बारीकियों और उसकी वैज्ञानिक प्रक्रिया को गहराई से समझना शैक्षणिक उन्नति के साथ-साथ समाज कल्याण के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में समाजोपयोगी एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कार्य करने के लिए प्रेरित किया। मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार लहरी ने बताया कि विद्यार्थियों को शोध पद्धति की सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। डेटा संकलन जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों को शोध की प्रक्रिया, तथ्यों के व्यवस्थित संग्रहण तथा वैज्ञानिक अध्ययन की बारीकियों को समझने का अवसर मिलता है।
    इस पहल को प्रभावी बनाने में विभाग के अतिथि व्याख्याता श्री सूरज साहू की सक्रिय भूमिका रही। वहीं, डेटा संकलन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय के डॉ. सुरेंद्र साहू, श्री राजेंद्र राज, डॉ. सुभाष कुमार सोनी सहित अन्य सहायक प्राध्यापकों, अतिथि व्याख्याताओं एवं छात्राओं का सराहनीय सहयोग रहा। इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने तथा उन्हें भविष्य में बेहतर शोध कार्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image